LolBabu.in - Whatsapp Status in Hindi

पाए नए व्हात्सप्प हिंदी स्टेटस, शायरी, स्लोगन्स और भारतीय त्योहारों के मैसेज, फ़ोटो और शुभकामनाएं सन्देश वो भी अपनी मनपसंद भाषा हिंदी में.

January 26, 2018

समय का सही निवेश आपका भविष्य बदल सकता है - Special Motivational Story


हम सभी लोग बचपन से समय की महत्वता के बारे में एक कहावत सुनते आ रहे हैं कि समय बहुत कीमती है। यह लाइन आज के समय में 100% सटीक बैठती है। आज के युग में जिसके पास समय है वह उसका सही उपयोग करके जितनी चाहें उतना पैसा कमा सकता है, लेकिन आज भी कोई कितना भी पैसा खर्च कर ले, उससे वह एक सेकंड भी नहीं खरीद सकता। इसलिए पैसे से ज्यादा समय महत्वपूर्ण है।

जो लोग पैसों को समय से ज्यादा कीमती समझते हैं, वह जीवन में कभी बड़ी और स्थाई सफलता प्राप्त नहीं कर पाते हैं और जो लोग समय को पैसों से ज्यादा कीमती मानते हैं वह सफलता की सीढ़ियों पर लगातार चढ़ते चले जाते हैं। वैसे यदि देखा जाये तो समय और पैसा दोनों में बहुत सी समानताएं होती हैं।

जिस तरह हम अपने पैसों को खर्च करते हैं, उसी तरह हम अपने समय को भी खर्च करते हैं।
➧ हम अपने पैसों को प्लानिंग करके उसका प्रयोग करते हैं, उसी तरह हम समय को भी प्लानिंग करके उपयोग कर सकते हैं।
➧ जिस तरह हम पैसों को कमा सकते हैं, उसी तरह भगवान हम सभी को रोज 24 घंटे का समय देता है।
➧ जिस तरह लोग पैसों का निवेश करते हैं, उसी तरह हम अपने समय का भी निवेश कर सकते हैं।

दोस्तों, मैं यहाँ आपको समय की महत्वता के बारे में कुछ बताना चाहता हूँ। बताना चाहता हूँ कि किस तरह आपका भविष्य समय का सही इस्तेमाल करके एक उज्ज्वल भविष्य में बदल सकता है? दुनिया में किसी के पास कम तो किसी के पास बहुत ज्यादा पैसा होता है लेकिन भगवान ने दुनिया के सभी लोगों को एक सा समय अर्थात रोज के 24 घंटे दे रखे हैं। हम सभी जानते हैं कि "समय बहुत कीमती है"। अब इस कीमती समय का हम किस तरह उपयोग करते हैं यह बहुत महत्वपूर्ण है। समय को कमाने की बात करें तो इस मामले में दुनिया के सभी लोगों की कमाई एक जैसी है (अर्थात रोज के 24 घंटे) न तो किसी को 1 भी सेकंड ज्यादा मिलता है और न ही कम मिलता है।

अब यहाँ दुनिया के प्रत्येक इंसान के पास ये विकल्प होता है कि वह इस समय को कैसे और कहाँ खर्च करता है। हम चाहें तो भगवान के दिए इस समय का सही उपयोग कर सकते हैं या हम चाहें तो समय का दुरुपयोग कर सकते हैं। यदि हम चाहें तो आज का समय मौज मस्ती करने में खर्च कर सकते हैं या हम चाहें तो आज के समय को भविष्य में सफलता पाने के लिए खर्च कर सकते हैं। आप चाहें तो अपना वर्तमान समय आराम करने में व्यतीत कर सकते हैं और भविष्य में कठिनाईयों को आमंत्रण दे सकते हैं या आप चाहें तो अपने वर्तमान समय को कठिन परिश्रम में लगा सकते हैं और भविष्य के लिए आराम चुन सकते हैं। कोई भी छात्र अपने समय का उपयोग अपनी पढ़ाई में कर सकता है और अपना उज्जवल भविष्य तय कर सकता है और यदि कोई छात्र चाहें तो आज मौज मस्ती, पार्टी आदि में अपना समय खर्च कर सकता है और अपना भविष्य अंधकारमय बना सकता है। फैसला आपका है कि आप दिए हुए समय का किस तरह उपयोग या दुरुपयोग करते हैं।

आज के युग में पैसों का सही निवेश करना बहुत जरुरी हो गया है ताकि भविष्य में एक बेहतर रिटर्न मिल सके। समय भी पैसा ही होता है तो आज के युग में समय का सही निवेश भी बहुत जरुरी हो गया ताकि भविष्य में हमें बेहतर जीवन मिल सके। जिस तरह कोई भी कंपनी अपने बेहतर भविष्य के लिए आज अपनी पूँजी का निवेश करती है उसी तरह प्रत्येक सफल व्यक्ति अपने समय का निवेश भविष्य में सफलता हासिल करने के लिए करता है।

आपकी सफलता भी इस बात पर निर्भर करती है कि आप आज अपने समय को कहाँ इन्वेस्ट कर रहे हैं। हो सकता है आप एक छात्र हों और आजकल मोबाइल, बाइक, टीवी, पार्टी और मौज मस्ती में अपना बहुत अधिक समय खर्च करते हों और पढ़ाई बहुत कम करते हों तो सत्य यह है कि आप अपने अंधकारमय भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। लेकिन यदि आप पढ़ने में बहुत समय देते हैं और बाकि चीजों को कम समय देते हैं तो आप अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।

हो सकता है आप एक ऑफिस में काम करते हों और आप दिए गए प्रोजेक्ट पर काम न करके दूसरों की बुराई करने में या गपशप करने में अपना समय खर्च करते हों तो आप एक दुखद भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। लेकिन यदि आप अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने पर अपना समय खर्च करते हैं तो आपका भविष्य बहुत से अच्छे प्रोजेक्ट्स से भरपूर होगा।

हो सकता है आप एक बिजनेसमैन हों और आप सुबह देर से उठते हो, आपके पास अपने बिज़नेस को लेकर कोई प्लानिंग न हो और आप अच्छी सर्विस देने पर समय खर्च न करके केवल कमाई किये पैसों से मौजमस्ती और पार्टी करते हों (जैसे विजय माल्या किया करते थे) तो निश्चित है कि भविष्य में आपकी कंपनी बंद हो जाएगी।

लेकिन यदि आप सुबह जल्दी उठकर आज की प्लानिंग करते हैं, अपनी अपॉइंटमेंट लिस्ट को चेक करते हैं, आपने अपनी कंपनी के लिए अगले 20 से 30 साल तक की प्लानिंग करके रखी हुई है तो निश्चित है कि भविष्य में आपकी कंपनी की ब्रांच पूरी दुनिया में फैली हुई होंगी।

ऊपर दिए गए तीनो उदाहरण (छात्र, ऑफिस में काम करने वाले लोग और बिजनेसमैन) में निर्णय आपका है कि आप अपने वर्तमान समय को सुख और मौजमस्ती में बिताकर अपने भविष्य को काँटों से भरा बना लें या आज अपने वर्तमान समय का सही निवेश करके अपने भविष्य में सुख और मौजमस्ती की मूसलाधार बारिश करा सकते हैं। आज के युग में पैसा बहुत महत्वपूर्ण है और यह पैसा आपको हर रोज 24 घंटे के रूप में मिलता है। विकल्प आपके पास है कि आप इसका किस तरह प्रयोग करते हैं।

ध्यान रखिये, आपके भविष्य का सुख आज की कड़ी मेहनत पर निर्भर करता है। अब आपके ऊपर है कि आप किसे चुनते हैं - वर्तमान के क्षणिक सुख को चुनते हैं या भविष्य में हमेशा चलने वाले सुख को चुनते हैं। "समय का सही निवेश आपका भविष्य बदल सकता है" आर्टिकल आपको कैसा लगा जरूर बताये और दोस्तों 2 मिनट समय निकालकर इसे सोशल मीडिया के जरिए शेयर जरूर करें। धन्यवाद।